नजूल भूमि पर मालिकाना हक की मांग तेज, रविवार को गांधी चौक में धरना

पिथौरागढ़। सोर नजूल फ्री होल्ड संघर्ष समिति ने नजूल भूमि पर मालिकाना हक दिए जाने की मांग को लेकर रविवार को सुबह 11 बजे से गांधी चौक में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। समिति का कहना है कि जब तक कब्जाधारकों को मालिकाना हक नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

समिति के संयोजक उमेश लाल साह ने बताया कि नजूल भूमि प्रकरण को लेकर एक दशक से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि कई परिवार मजबूरी में जर्जर भवनों में रहने को विवश हैं। लोगों ने राजकीय कोष में चालान के माध्यम से धनराशि भी जमा की है, इसके बावजूद उन्हें मालिकाना हक नहीं दिया जा रहा है।

समिति की मांग है कि 300 वर्ग मीटर तक के कब्जाधारकों को प्राथमिकता के आधार पर मालिकाना हक प्रदान किया जाए। आरोप लगाया गया कि भवनों के सुधारीकरण के नाम पर प्राधिकरण जरूरतमंद लोगों को धमका रहा है, जबकि रसूखदार व्यक्तियों को खुली छूट दी जा रही है।

इन सभी मांगों को लेकर संघर्ष समिति ने धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया है। उमेश लाल साह ने नजूल भूमि प्रकरण से जुड़े सभी लोगों से आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।