पिथौरागढ़। सशस्त्र सीमा बल के महानिदेशक संजय सिंघल (भा.पु.से.) ने 55वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल का दो दिवसीय भ्रमण किया। वाहिनी मुख्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कमांडेंट आशीष कुमार ने इकाई की गतिविधियों व उपलब्धियों की जानकारी दी।

महानिदेशक ने जौलजीबी सीमा चौकी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, गश्त और संचार तंत्र की समीक्षा की तथा जवानों से संवाद किया। विषम परिस्थितियों में ड्यूटी निभा रहे जवानों की सराहना करते हुए उन्होंने उन्हें राष्ट्र की सुरक्षा का प्रथम प्रहरी बताया।
मुख्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता व समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए। सैनिक सम्मेलन में जवानों की समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन दिया।
भ्रमण के दौरान रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें 19 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। महानिदेशक ने स्वयं भी रक्तदान किया। साथ ही वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
