मानस खंड मंदिर माला योजना की समीक्षा, धार्मिक स्थलों के समग्र विकास के निर्देश

पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में मानस खंड मंदिर माला समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में हाट कालिका, पाताल भुवनेश्वर, थलकेदार, मोस्टमानू समेत विभिन्न मंदिर समितियों के अध्यक्ष और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। योजना के अंतर्गत चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने धार्मिक स्थलों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त आध्यात्मिक-पर्यटन परिपथ के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

हाट कालिका धाम में पार्किंग, सफाई, शौचालय, पेयजल और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त करने तथा लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। पाताल भुवनेश्वर में प्रवेश-निकास मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी, सूचना पट्ट और आपदा प्रबंधन तंत्र सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त सुविधाओं से संबंधित प्रस्ताव विभागों से प्रस्तुत करने को कहा गया।

थलकेदार में सुरक्षा दीवार व सौर प्रकाश व्यवस्था तथा मोस्टमानू में पार्किंग और दर्शक व्यवस्था विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मंदिरों को एक समग्र मास्टर प्लान के तहत विकसित कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।