चटकेश्वर मंदिर में पूजा के बाद अक्षय प्रहलाद कोण्डे ने संभाला एसपी पदभार

कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण व यातायात सुधार को बताया प्राथमिकता

पिथौरागढ़। जनपद के नए पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोण्डे ने आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पूर्व उन्होंने चटकेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और जनपद की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।

इसके बाद पुलिस लाइन पहुंचकर उन्होंने औपचारिक रूप से पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

नए पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली पेशेवर, अनुशासित और जवाबदेह होनी चाहिए, जिससे आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हो।

बैठक के दौरान अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ टीम भावना से कार्य करने और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए।