ई-कार्यालय प्रणाली को लेकर डीएम सख्त, पत्राचार केवल डिजिटल माध्यम से करने के निर्देश

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में ई-कार्यालय प्रणाली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को ई-कार्यालय कार्यप्रणाली को पूर्ण रूप से अपनाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पारदर्शिता, दक्षता और डिजिटल व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कार्यालयी कार्यों का निष्पादन किया जाए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जारी किए जाने वाले प्रत्येक पत्र के साथ अनिवार्य रूप से रसीद तैयार की जाए। सभी पत्र निर्धारित प्रारूप, उचित कार्यप्रवाह एवं आधिकारिक मूवमेंट प्रक्रिया के अनुरूप तैयार किए जाएं। साथ ही कार्यालयों के लोकल एडमिन को अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए, विशेषकर अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण से संबंधित मामलों में।

डीएम ने स्पष्ट किया कि यथासंभव पत्रों अथवा प्रारूप की छपाई से बचते हुए उन्हें केवल ई-कार्यालय प्रणाली के माध्यम से ही प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि ई-कार्यालय का अधिकतम उपयोग आधुनिक और भविष्य उन्मुख प्रशासनिक दृष्टिकोण का हिस्सा है, जिसे सभी विभागों द्वारा प्रभावी ढंग से अपनाना आवश्यक है।

बैठक में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को निर्देश दिए गए कि सभी विभागों द्वारा ई-कार्यालय प्रणाली का उपयोग सुनिश्चित कराया जाए तथा इसकी नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि पत्राचार ई-कार्यालय प्रणाली के अतिरिक्त अन्य माध्यम से किया गया तो संबंधित विभागों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ई-कार्यालय संचालन में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एवं एनआईसी के सहायक निदेशक के साथ समन्वय स्थापित कर कठिनाइयों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, जिससे कार्यप्रणाली सुचारु रूप से संचालित हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतोष नबीयाल सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयाध्यक्ष एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।