पिथौरागढ़। स्मार्ट मीटर पखवाड़ा के अंतर्गत नगर निगम सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल की अध्यक्षता में हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, उसके लाभ तथा शिकायत निस्तारण व्यवस्था की जानकारी देना रहा।

विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता इं. देवेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि भारत सरकार की संशोधित वितरण क्षेत्र योजना के तहत प्रथम चरण में नगर निगम क्षेत्र में स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से विद्युत खपत का वास्तविक समय का आंकड़ा प्राप्त होता है, जिससे गलत बिलिंग की समस्या समाप्त होती है। उपभोक्ता मोबाइल अनुप्रयोग के माध्यम से अपनी दैनिक बिजली खपत देख सकते हैं और आवश्यकता अनुसार उपभोग नियंत्रित कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मीटर रीडिंग स्वतः ऑनलाइन प्रणाली में दर्ज होने से मानवीय त्रुटि की संभावना समाप्त हो जाती है। जिन उपभोक्ताओं के बिल अधिक आने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उनके परिसरों में परीक्षण मीटर स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों एवं भ्रांतियों का समाधान किया जा सके।
कार्यशाला में पार्षद सुशील खत्री, रवीन्द्र बिष्ट, नीरज जोशी, शेरिन नगरकोटी, कमलेश चन्द, अनिल कुमार जोशी, रवि मेहता, मोहित चौसाली, महेन्द्र कुमार एवं नवीन लाल वर्मा सहित विभागीय कर्मचारी, उपभोक्ता तथा स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य कर रही कार्यदायी संस्था के कार्मिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्मार्ट मीटर स्थापना में सहयोग की अपील की गई, ताकि उपभोक्ताओं को डिजिटल विद्युत सेवाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
