पिथौरागढ़। आज उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के बैनर तले डिप्लोमा इंजीनियरों ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। विभिन्न विभागों में कार्यरत इंजीनियर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और लंबित मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई।

धरना समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित 27 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों पर अब तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे इंजीनियरों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महासंघ का आंदोलन पूरी तरह न्यायोचित मांगों को लेकर है और सरकार को शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
महासंघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्यवाही नहीं हुई तो 23 फरवरी को देहरादून में विशाल रैली आयोजित की जाएगी और सचिवालय का घेराव किया जाएगा। इसके बाद प्रांतीय नेतृत्व आगे की रणनीति तय करेगा।
