पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज विकास भवन में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत स्थापित कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों को प्राप्त जन शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनके निस्तारण की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं से समय-समय पर दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उनकी समस्याओं का समाधान संतोषजनक ढंग से हुआ है या नहीं। उन्होंने संबंधित विभागों से नियमित समन्वय बनाकर लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण की कार्यवाही तेज करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, उनका अद्यतन विवरण रजिस्टर में समयबद्ध रूप से दर्ज किया जाए, जिससे शिकायतों की प्रभावी निगरानी और अनुश्रवण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने विकास भवन स्थित अन्य विभागीय कार्यालयों का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समयपालन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जन समस्याओं के समाधान में तेजी लाने पर बल दिया।
