21 फरवरी से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं, 9536 परीक्षार्थी होंगे शामिल

पिथौरागढ़। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिलाधिकारी आशिष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, कस्टोडियन तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में परीक्षा संबंधी समस्त व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व है, इसलिए तैयारियों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पुलिस विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण कुमार पंत ने जानकारी दी कि बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। जनपद में 1 अतिसंवेदनशील तथा 21 संवेदनशील केंद्र चिन्हित किए गए हैं। सभी केंद्र मिश्रित होंगे, जहां हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट दोनों की परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी।

इस वर्ष हाईस्कूल में 4877 तथा इंटरमीडिएट में 4659 परीक्षार्थी, कुल 9536 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हिमांशु नौगाई ने परीक्षा संचालन की समस्त प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए केंद्र व्यवस्थापकों एवं अभिरक्षक को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित कर ली गई हैं। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए

जिलाधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आगामी बोर्ड परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संचालन हेतु शुभकामनाएं दीं।