पाटी/खेतीखान (चंपावत)। होली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने पाटी व खेतीखान क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, देहरादून तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में की गई इस कार्रवाई के दौरान मिठाई प्रतिष्ठानों और जनरल स्टोरों का निरीक्षण किया गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में टीम ने खोया, बेसन, सरसों तेल और पैक्ड मिठाइयों के कुल छह नमूने जांच के लिए एकत्र कर राजकीय प्रयोगशाला भेजे हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पाटी क्षेत्र की दो किराना दुकानों से एक्सपायरी तिथि पार कर चुके 14 पैकेट सब्जी मसाला तथा 10 पैकेट चिप्स बरामद किए गए। बरामद सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी किए गए।
विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया है कि वे केवल भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) में पंजीकृत फर्मों से ही गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री खरीदें। साथ ही मिठाइयों में कृत्रिम रंगों का प्रयोग न्यूनतम रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
