वन स्टॉप सेंटर का डीएम ने किया निरीक्षण, 181 हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली परखी

पिथौरागढ़। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विकासखंड विण स्थित वन स्टॉप सेंटर का आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा पीड़ित महिलाओं को दी जा रही सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने केंद्र में स्थापित सी-डैक द्वारा संचालित 181 महिला हेल्पलाइन कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली की जानकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ली। उन्होंने कॉल सेंटर में प्राप्त शिकायतों की प्रकृति, पंजीकरण प्रक्रिया, त्वरित कार्रवाई एवं निस्तारण की स्थिति का गहन परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि 181 हेल्पलाइन पर आने वाली प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, गोपनीयता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को आपातकालीन सहायता, कानूनी परामर्श, चिकित्सा सुविधा, मनोवैज्ञानिक परामर्श तथा अस्थायी आश्रय जैसी समेकित सेवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में केंद्र की कार्यप्रणाली में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और पीड़ित महिलाओं को त्वरित राहत प्रदान की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड पंजिकाओं, शिकायत रजिस्टर, आगंतुक पंजिका और काउंसलिंग विवरण सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखे जाएं। साथ ही केंद्र परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और गोपनीय वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।