पिथौरागढ़। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत न्याय पंचायत बास्ते के पंचायत घर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने की।

17 दिसम्बर से 21 फरवरी तक जनपद की 64 न्याय पंचायतों में शिविर लगाए जा रहे हैं। बास्ते में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया। शिविर में लगभग 330 लोगों ने प्रतिभाग किया तथा 453 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से आच्छादित किया गया।
शिविर के दौरान कुल 67 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 54 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष 13 को संबंधित विभागों को भेजा गया। वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन, परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और जॉब कार्ड समेत कई योजनाओं के आवेदन भी मौके पर भरवाए गए।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री गणेश भण्डारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जीतेन्द्र प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा सहित 37 जनप्रतिनिधि और 84 अधिकारी मौजूद रहे। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत लाइन और आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण की समस्याएं उठाईं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
