नमामि गंगे की समीक्षा बैठक में स्वच्छता व सीवरेज व्यवस्था पर जोर

चंपावत। नमामि गंगे के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक आज जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी (अध्यक्ष जिला गंगा समिति) मनीष कुमार ने की। इस दौरान पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में हुई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका व नगर पंचायत से जुड़े अधिकारियों को सीवरेज व्यवस्था सुदृढ़ करने, ठोस कूड़ा निस्तारण, लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन तथा जैव-चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण पर विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने नदी तटीय क्षेत्रों के संरक्षण, स्वच्छता और पुनर्जीवन के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रमों के व्यापक आयोजन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने, सीवरेज नेटवर्क के विस्तार तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं निर्मल नदी अभियान में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है और बिना जन सहयोग के लक्ष्य की प्राप्ति संभव नहीं है।

इसके अलावा वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति, पूर्ण विवरण और अभिलेख निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराए जाएं, ताकि अनावश्यक विलंब समाप्त कर प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संवेदनशील मामलों में उच्च स्तर पर रिपोर्ट भेजने से पहले सभी तथ्यों की विधिवत पुष्टि सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, एसडीओ वन विभाग सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चम्पावत मोहन पलड़िया, लोहाघाट से हितेश कांडपाल, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत  कमलेश सिंह बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान एवं जल निगम, पीएमजीएसवाई तथा अधिशासी अधिकारी लोहाघाट सौरभ नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।