पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई दिवस में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने नगर क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से लेकर ग्रामीण इलाकों की पेयजल, सड़क और मुआवजा संबंधी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।

जनसुनवाई में नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं के समाधान, आपदा कार्यों के लिए बजट आवंटन, अतिक्रमण व अवैध खनन की जांच, पेयजल संकट, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत, विद्यालयों के जीर्णोद्धार, काश्तकारों को भूमि मुआवजा दिलाने, मंदिर मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, पुलिया निर्माण, सुरक्षा दीवार निर्माण तथा पीएमजीएसवाई सड़क में नाली निर्माण जैसे मुद्दे उठे। इसके अलावा बंदर और जंगली जानवरों से उत्पन्न समस्याओं को लेकर भी शिकायतें दर्ज कराई गईं।
वन पंचायत संगठन ने ग्रीष्मकाल को देखते हुए वन पंचायतों को आर्थिक सहायता और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम भुरमुनी निवासी पुष्कर राम ने क्षतिग्रस्त पानी की टंकी और पुल निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने पूर्व में समस्या के समाधान पर जिलाधिकारी का आभार जताते हुए पुष्पमाला भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
ग्राम भटयूड़ा के ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति बाधित होने की समस्या रखते हुए ग्राम सभा में सौर लिफ्टिंग पेयजल योजना निर्माण की मांग की। क्षेत्र पंचायत सदस्य डूंगरा पाँभे ने मुख्य टैंक से सभी तोकों तक समान जल वितरण सुनिश्चित करने और सौर लाइटों के असमान वितरण की शिकायत दर्ज कराई। वहीं ग्राम लोधीयागैर मेलडूंगरी के काश्तकारों ने सड़क निर्माण के 15 वर्ष बाद भी लोक निर्माण विभाग द्वारा मुआवजा न दिए जाने की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों की जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा कर लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।
जनसुनवाई में पर अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
