विकास प्राधिकरण की बैठक में कई अहम प्रस्तावों को हरी झंडी, महात्मा गांधी की प्रतिमा और सीसीटीवी स्थापना को मंजूरी

बागेश्वर। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास प्राधिकरण की अष्टम अवस्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न विकास प्रस्तावों पर विचार करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में महात्मा गांधी पार्क एवं जिला न्यायालय परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, तहसील परिसर बागेश्वर स्थित सभागार कक्ष के सुदृढ़ीकरण, मीटिंग हॉल के समीप शौचालय निर्माण तथा परिसर में चिल्ड्रन पार्क के निर्माण को भी मंजूरी दी गई।

इसके अतिरिक्त जिला कार्यालय परिसर में महिला एवं पुरुष शौचालयों के जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी गई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बैठक के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, बागेश्वर की आठवीं बोर्ड बैठक भी संपन्न हुई। इसमें प्रशासनिक, वित्तीय और नीतिगत विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2023–24 के वास्तविक आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा वर्ष 2024–25, 2025–26 और 2026–27 के प्रस्तावित बजट पर विचार-विमर्श किया गया।

प्राधिकरण कार्यालय के लिए पद सृजन एवं स्वीकृति, मानचित्र स्वीकृति की अवधि समाप्त होने पर नवीनीकरण शुल्क निर्धारण और बोर्ड अनुमोदन से जुड़े विषयों पर भी निर्णय लिए गए।

इसके साथ ही राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना को प्राधिकरण में कार्यरत नियमित कार्मिकों पर लागू करने तथा उत्तराखंड राज्य कर्मचारी सामूहिक बीमा एवं बचत योजना के अंतर्गत मासिक अंशदान और आच्छादन धनराशि के प्रावधान पर भी चर्चा की गई।