पिथौरागढ़। नगर निगम सभागार में आज पार्षदों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन कार्यशाला का शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मेयर कल्पना देवलाल ने किया। कार्यशाला का आयोजन राज्य नगरीय विकास संस्थान के तत्वावधान में तथा आर.एस. टोलिया उत्तराखण्ड प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल द्वारा किया जा रहा है।

उद्घाटन सत्र में अकादमी के कार्यक्रम निदेशक अनूप कुमार, अधिशासी अधिकारी चंपावत भरत त्रिपाठी और सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पार्षदों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में स्पष्ट जानकारी देना है। इसमें नगर निगम की कार्यप्रणाली, बजट तैयार करने की प्रक्रिया, धन के सही उपयोग और विकास कार्यों की निगरानी जैसे विषय शामिल हैं।
कार्यशाला के अलग-अलग सत्रों में विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और वार्ड स्तर पर समस्याओं के समाधान के तरीके समझाए जाएंगे। विशेषज्ञ सरल भाषा में उदाहरणों के साथ प्रशिक्षण दे रहे हैं, ताकि पार्षद अपने क्षेत्र में और बेहतर काम कर सकें।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त राजेश बुधानी, समस्त वार्डो के पार्षद, सिटी मिशन प्रबंधक महेन्द्र सिंह बिष्ट, यतीश पाण्डेय सहित निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
