नेपाल में चुनाव के चलते 2 से 5 मार्च तक भारत-नेपाल सीमा रहेगी बंद

पिथौरागढ़। नेपाल में होने जा रहे प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन के मद्देनजर 2 मार्च से 5 मार्च तक भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमाएं और पुल अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। इस अवधि में सीमा पार आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि नेपाल के दार्चुला जिले के प्रमुख जिला अधिकारी, खलंगा द्वारा प्रेषित पत्र के क्रम में यह निर्णय लिया गया है। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

प्रशासन की ओर से पुलिस विभाग, उपजिलाधिकारी पिथौरागढ़, डीडीहाट व धारचूला तथा सशस्त्र सीमा बल की संबंधित वाहिनियों को सीमा क्षेत्रों और पुलों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि निर्धारित तिथियों के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर यात्रा की योजना न बनाएं। आवश्यक होने पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कर लें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।