पिथौरागढ़। डीडीहाट क्षेत्र की ग्राम सभाओं अजेडा, खोली, चर्मा व नन्कुड़ी के कास्तकारों की रक्षा विभाग द्वारा अधिग्रहित भूमि के मुआवजा भुगतान के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में भूमि किराया एवं मुआवजा प्रकरण पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

तहसील डीडीहाट अंतर्गत ग्राम उपड़ा में जनजातीय क्षेत्र की 0.160 हेक्टेयर ग्राम समाज भूमि औद्योगिक प्रयोजन हेतु ली गई है। वर्ष 2014 से पूर्व तक उक्त भूमि का किराया निर्धारित दरों के अनुसार भुगतान किया जाता रहा। वर्ष 2014 के बाद किराया वृद्धि की मांग को लेकर ग्रामवासियों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लिया।
बैठक में राजस्व विभाग ने अवगत कराया कि वर्ष 2014 तक का किराया पूर्व निर्धारित दरों के अनुसार देय है। वर्ष 2014 से 2019 तक की अवधि का प्रकरण उच्च स्तर पर परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। वहीं वर्ष 2019 से 2024 तक की अवधि का किराया नियमानुसार निर्धारित कर भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरण से जुड़े सभी अभिलेखों का गहन परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए, ताकि कास्तकारों को देय धनराशि का भुगतान समयबद्ध ढंग से हो सके। उन्होंने मुआवजा वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने तथा सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कास्तकारों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। यदि किसी प्रकार की आपत्ति या अभिलेखीय त्रुटि पाई जाती है तो उसका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में एडीएम योगेंद्र सिंह, एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा, रक्षा विभाग के अधिकारी, राजस्व विभाग के अधिकारी एवं संबंधित ग्रामवासी मौजूद रहे।
