पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में त्रैमास दिसंबर 2025 की समाप्ति पर जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जनपद की वित्तीय प्रगति, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों तथा बैंकिंग सेवाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने जनपद के सीडी रेशियो को न्यूनतम 40 प्रतिशत तक बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि बैंकिंग क्षेत्र को ऋण वितरण में और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के लक्ष्यों को सभी बैंकों के समन्वित प्रयास से पूर्ण करने तथा इसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने और आमजन की बैंकिंग संबंधी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बैंक और विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में वित्तीय समावेशन को सुदृढ़ बनाएं तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करें।
बैठक में मेयर कल्पना देवलाल, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या, नाबार्ड के डीडीएम राकेश कन्याल, भारतीय रिजर्व बैंक से एलडीओ ऑनलाइन माध्यम से, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, परियोजना अधिकारी उरेडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सभी बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे। संचालन एलडीएम एन.आर. जौहरी ने किया।
