पिथौरागढ़। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को लेकर जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। महिला अस्पताल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद अजय टम्टा, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई, दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, मेयर कल्पना देवलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल व प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भगीरथी गर्बयाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से ऑनलाइन माध्यम से अभियान का शुभारंभ किया। पहले दिन छह बालिकाओं खुशी, आरोही चंद, भूमिका धामी, हर्षिता मेहता, ज्योत्स्ना और जागृति पाण्डेयको टीका लगाया गया।
स्कूलों व स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से चलेगा अभियान
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक ने बताया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका लगाया जाएगा। एचपीवी वायरस को सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है और समय पर टीकाकरण से इस बीमारी की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है। टीकाकरण की प्रविष्टि और निगरानी यू-विन पोर्टल के जरिए की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाहों से बचने की अपील
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी बालिकाओं को समय पर टीकाकरण के लिए भेजें। स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण के लिए विशेष टीमों का गठन किया है और सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
अधिकारियों ने निर्धारित आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया है। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. प्रशांत कौशिक, चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अभिभावक मौजूद रहे।
