अग्निवीर भर्ती: बनबसा में पिथौरागढ़ के युवाओं ने दिखाया दमखम, 1000 से अधिक अभ्यर्थियों ने लगाई दौड़

बनबसा (चंपावत)। बनबसा मिलिट्री स्टेशन में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के तीसरे दिन रविवार को युवाओं का भारी हुजूम उमड़ा। पिथौरागढ़ जनपद की विभिन्न तहसीलों से आए 1000 से अधिक जांबाज युवाओं ने जनरल ड्यूटी, ट्रेडमैन एवं तकनीकी पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा में अपना दमखम दिखाया। कड़ाके की प्रतिस्पर्धा के बीच मैदान में उतरे युवाओं में देश सेवा का जबरदस्त जोश और सैन्य अनुशासन स्पष्ट रूप से देखने को मिला। मुख्यालय भर्ती क्षेत्र उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के अधीन आयोजित हो रही यह संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के साथ संपन्न कराई जा रही है।
भर्ती के दौरान सेना के अधिकारियों की कड़ी निगरानी में अभ्यर्थियों की दौड़, बीम और अन्य शारीरिक परीक्षण किए गए। सेना भर्ती कार्यालय ने इस संबंध में कड़े दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि रैली स्थल पर सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के अंकपत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, एनसीसी प्रमाण पत्र, खेल प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र तथा चरित्र प्रमाण पत्र जैसे सभी आवश्यक मूल अभिलेख अनिवार्य रूप से लाने होंगे। इसके साथ ही सेना आश्रितों को अपना संबंध प्रमाण पत्र भी साथ रखना होगा।
प्रशासन और सैन्य अधिकारियों द्वारा भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। सभी शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सामूहिक संदेश के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश पूर्व में ही प्रेषित किए जा चुके हैं ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो। सैन्य अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले बिचौलियों से सावधान रहें और केवल अपनी मेहनत व योग्यता पर ही विश्वास करें।