ठुलीगाड़ पंपिंग योजना के टैंक में गंदगी पर डीएम नाराज, सफाई व जल गुणवत्ता जांच के निर्देश

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने आज ठुलीगाड़ पंपिंग योजना के अंतर्गत 450 केएल क्षमता के जल संचय टैंक का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जलाशय एवं रिजर्ववॉयर क्षेत्र में अपेक्षित साफ-सफाई न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समुचित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल का सैंपल संग्रहित कर गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, उत्तराखण्ड जल संस्थान सुरेश जोशी ने बताया कि जनपद में पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए टैंकों का नियमित अनुरक्षण और सफाई कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जल गुणवत्ता परीक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए तथा सभी टैंकों की सफाई निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार अनिवार्य रूप से कराई जाए। उन्होंने कहा कि आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। शिकायत प्राप्त होने पर उसका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने जनपदवासियों से जल संरक्षण को प्राथमिकता देने और पेयजल संबंधी समस्या की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की।