दो से तीन माह में तैयार होगा छारछुम मोटर पुल, सीमांत क्षेत्र की परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में छारछुम मोटर पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने आज कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय महत्त्व की सड़क एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अस्कोट अरुण अरोरा ने बताया कि छारछुम मोटर पुल का निर्माण कार्य अगले दो से तीन माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। वर्तमान में पुल से जुड़े एप्रोच मार्गों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पुल सीमांत क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।

बैठक में सीमा क्षेत्र में प्रस्तावित चेकपोस्ट निर्माण को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कस्टम विभाग को निर्देश दिए कि चेकपोस्ट निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही लैंड कस्टम स्टेशन की स्थापना के लिए आवश्यक भूमि चिन्हांकन और अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं तत्काल शुरू करने को कहा।

इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य परियोजनाओं के तहत चल रहे सड़क निर्माण व चौड़ीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न होने पाए और आपसी समन्वय बनाकर कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी धारचूला को क्षेत्र में चल रहे निर्माण और भूमि अधिग्रहण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही काला क्षेत्र से जुड़े मामलों में राजस्व विभाग को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह हयांकी सहित लोक निर्माण विभाग पिथौरागढ़ और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।