गर्मी से निपटने को पेयजल आपूर्ति की तैयारी, जरूरत पड़ने पर टैंकर से होगा पानी वितरण

पिथौरागढ़। ग्रीष्मकाल में पेयजल संकट से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जल संस्थान और जल निगम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट न होने पाए और समस्या वाले क्षेत्रों में तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।

बैठक में अधिशासी अभियंता जल संस्थान सुरेश जोशी ने बताया कि जनपद में जल संस्थान की विभिन्न पेयजल योजनाओं के माध्यम से लगभग 83 हजार आबादी को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में 12.89 एमएलडी मांग के मुकाबले करीब 10.75 एमएलडी जल उत्पादन हो रहा है, जिसके चलते कुछ क्षेत्रों में आंशिक कमी बनी हुई है। इस कमी को दूर करने के लिए विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था की योजना बनाई है।

पिथौरागढ़ नगर में मांग और आपूर्ति के अंतर के कारण कुछ मोहल्लों में एक दिन के अंतराल से जलापूर्ति की जा रही है। वहीं चिन्हित पेयजल समस्या वाले क्षेत्रों में टैंकर और पिकअप वाहनों से पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। नगर के 40 वार्डों में से 39 वार्डों के कुछ मोहल्लों को समस्या ग्रस्त क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है।

गंगोलीहाट नगर के सात वार्डों के 15 क्षेत्रों में भी टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा डीडीहाट, बेरीनाग और मुनस्यारी नगर क्षेत्रों के कुछ वार्डों में भी संभावित पेयजल संकट को देखते हुए टैंकरों से जलापूर्ति की तैयारी की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवश्यकता के अनुसार पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत जनपद में 94,474 घरों में से 94,137 घरों को नल से जलापूर्ति उपलब्ध कराई जा चुकी है, जो लगभग 99.64 प्रतिशत है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल लाइनों में हो रहे लीकेज को तत्काल ठीक किया जाए, खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराई जाए और ठुलीगाड़ रिजर्ववायर की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आंवलाघाट क्षेत्र को चैनलाइज कर नदी के डिस्चार्ज स्तर को बढ़ाने के भी निर्देश दिए।

पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी संचालित किया गया है। उपभोक्ता दूरभाष नंबर 05964-225237 और मोबाइल नंबर 7900278607 पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।

बैठक में एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम पी.एन. चौधरी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान डीडीहाट संदीप चतुर्वेदी, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम गंगोलीहाट आशुतोष उपाध्याय मौजूद रहे।