सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर जोर, दुर्घटना संभावित स्थलों पर होंगे विशेष सुरक्षा उपाय

पिथौरागढ़। जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे सड़क सुरक्षा कार्यों, जागरूकता अभियानों तथा सड़क सुधार योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां त्वरित सुधारात्मक और सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए विभागों के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा फरवरी माह में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि 2 फरवरी को विशेष चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों में रिफ्लेक्टर टेप वितरित किए गए, जिससे रात्रि में दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। 3 फरवरी को एशियन स्कूल पिथौरागढ़ में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं 6 फरवरी को स्कूल बसों की विशेष चेकिंग कर फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों और नियमों के पालन की जांच की गई।

इसके अलावा 9 फरवरी को घाट मोटर मार्ग पर रात्रि चेकिंग अभियान चलाया गया, जबकि 10 फरवरी को एआरटीओ टनकपुर के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान संचालित किया गया। 12 फरवरी को जीजीआईसी पिथौरागढ़ में ‘परीक्षा एक उत्सव’ कार्यक्रम के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया तथा 13 फरवरी को स्कूल बसों का सुरक्षा ऑडिट किया गया। साथ ही रेडियो के माध्यम से सड़क सुरक्षा संवाद कार्यक्रम और नगर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा से संबंधित पेंटिंग व चिन्हांकन भी कराया गया।

बैठक में बताया गया कि जनपद में दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर वहां पैराफिट, साइन बोर्ड और डेलिनेटर जैसे सुरक्षा उपाय लगाए जा रहे हैं। संबंधित विभागों को इन स्थलों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सभी ग्रामीण और मुख्य सड़कों पर दुर्घटना संभावित स्थानों पर क्रैश बैरियर, साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए। भटकोट रोड में रंबल स्ट्रिप तथा ऐचोली क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर बनाने के भी निर्देश दिए गए।

इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को ऐचोली और देवसिंह मैदान के नीचे स्थित जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत कर गड्ढा मुक्त बनाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को सड़क किनारे दुर्घटना संभावित विद्युत पोलों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने नगर क्षेत्र में ट्रैफिक पार्क के निर्माण का सुझाव दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग जीवन सिंह ह्यांकि, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवांश कांडपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।