नजूल भूमि की खरीद-बिक्री पर उठे सवाल, जांच की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन

पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र में नजूल भूमि की कथित अवैध खरीद-बिक्री के मामले को लेकर सोर नजूल फ्रीहोल्ड संघर्ष समिति ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है। समिति का आरोप है कि नजूल नीति का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है और कुछ लोग सरकारी जमीन को नियमों के विरुद्ध खरीद-बेच कर उस पर स्थायी निर्माण करवा रहे हैं।

समिति के संयोजक उमेश लाल साह के नेतृत्व में नगरवासियों ने जिलाधिकारी को दो सूत्रीय मांगपत्र दिया। उन्होंने कहा कि बारह पत्थर सड़क के भीतर आने वाले पुराना बाजार, नयाबाजार और सिमलगैर वार्ड में कुछ लोगों द्वारा बिना मालिकाना अधिकार लिए नजूल भूमि के सौदे किए गए हैं। इससे सरकार को आर्थिक नुकसान हो रहा है।

पार्षद करण सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की भूमि से अवैध रूप से लाभ कमाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं पुराना बाजार के पार्षद सुशील खत्री ने नजूल नीति 2021 को प्रभावी ढंग से लागू करने और अवैध लेन-देन पर रोक लगाने की मांग की।

संघर्ष समिति ने यह भी कहा कि जल्द ही ऐसे लोगों की सूची तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिन्होंने नियमों के विरुद्ध जमीन की खरीद-बिक्री की है।

ज्ञापन देने वालों में पार्षद नीरज जोशी, विजेंद्र सिंह महर और अनिल वर्मा समेत कई नगरवासी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराने का भरोसा दिलाया है।