पिथौरागढ़। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए धारचूला विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुनस्यारी के नगर पंचायत अध्यक्ष एवं क्षेत्र के सक्रिय समाजसेवी राजेंद्र पांगती ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा। उनके साथ कई सभासद, ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य भी भाजपा में शामिल हुए, जिसे क्षेत्रीय राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद राजेंद्र पांगती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली और विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में धारचूला विधानसभा सीट पर कमल खिलाने के लिए वह पूरी ताकत से कार्य करेंगे और पहली बार इस सीट से भाजपा का विधायक बनाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की झोली में डालने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धन सिंह धामी, महेंद्र सिंह बुदियाल, प्रदीप रावत, गोविंद सिंह महर, हरीश धामी, कवींद्र देवली, मंडल अध्यक्ष प्रमोद ऐरी, कैलाश धामी सहित कुल 18 जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें सभासद, प्रधान, पूर्व प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य भी शामिल थे।
