देवीधुरा में मां वाराही धाम के शिलान्यास की तैयारियां तेज, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

चम्पावत। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के तहत देवीधुरा स्थित मां वाराही शक्तिपीठ धाम के भव्य नवनिर्माण कार्य के शिलान्यास को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज देवीधुरा पहुंचकर मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया और कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने हेलीपैड से लेकर मंदिर परिसर और सभा स्थल तक के मार्गों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिलान्यास कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से मंदिर क्षेत्र में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और यातायात प्रबंधन को मजबूत रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मां वाराही धाम के नवनिर्माण का यह शिलान्यास कार्यक्रम जनपद के लिए गौरव का विषय है, इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाएं।

इस दौरान उपजिलाधिकारी पाटी नीतू डांगर, पुलिस उपाधीक्षक वंदना वर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।