पिथौरागढ़। जिला प्रशासन ने गैस उपभोक्ताओं के लिए नई व्यवस्था लागू करते हुए स्पष्ट किया है कि अब घरेलू गैस सिलेंडर केवल ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन के अनुसार गैस बुकिंग से संबंधित ऑनलाइन साइट अब सुचारु रूप से कार्य करने लगी है, जिसके चलते यह व्यवस्था 23 मार्च से प्रभावी कर दी गई है।

प्रशासन ने वितरण प्रणाली को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 95 प्रतिशत डिजिटल बुकिंग तथा 90 प्रतिशत डीएसी को अनिवार्य किया है। बिना ऑनलाइन बुकिंग के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।
बताया गया कि 23 मार्च को जनपद में गैस वितरण केवल चयनित स्थानों पर ही किया जाएगा। इसके तहत पिथौरागढ़ नगर क्षेत्र में कृष्णापुरी में शहीद गैस एजेंसी द्वारा वितरण होगा, जबकि डीडीहाट में मार्केट क्षेत्र, बेरीनाग में पांखू, हजेती और प्रेमनगर तथा धारचूला क्षेत्र में छारछुम, नई बस्ती और कालिका में गैस वितरित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गैस प्राप्त करने के लिए एजेंसियों, वितरण केंद्रों या गोदामों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और बिना बुकिंग के गैस लेने का प्रयास न करें। गैस वितरण पूरी तरह से बुकिंग के आधार पर ही किया जाएगा।
प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग बनाए रखने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की भी अपील की है।
