पिथौरागढ़। उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जनपद पिथौरागढ़ में डिप्लोमा इंजीनियरों ने 27 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इसके तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए गए।

संघ की शाखा पिथौरागढ़ द्वारा संघ भवन टकाना, डीडीहाट में निरीक्षण भवन लोक निर्माण विभाग, बेरीनाग में निरीक्षण भवन लोनिवि और धारचूला में सिंचाई खंड कार्यालय में धरना कार्यक्रम किया गया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जिला पंचायत, शहरी विकास, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण एवं लघु सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
धरना कार्यक्रम को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए शाखा अध्यक्ष और सचिव द्वारा संघर्ष समिति व अनुशासन समिति का गठन किया गया। इं. गोपाल गिरी गोस्वामी की अध्यक्षता में कार्यक्रम की शुरुआत महासंघ के उद्घोष के साथ हुई।
महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 27 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को शासन स्तर पर हुई वार्ता विफल रही, जिसके बाद सभी सदस्य पूर्ण रूप से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
धरना स्थल पर अभियंताओं ने सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए जमकर नारेबाजी की और आगे की रणनीति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सकारात्मक रुख नहीं अपनाया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष इं. प्रदीप नेगी, शाखा अध्यक्ष इं. मनीष पंत, शाखा सचिव इं. मनोज उपाध्याय, मण्डल अध्यक्ष इं. ऋषभ शाह, जनपद अध्यक्ष इं. संजय वर्मा, जनपद सचिव इं. गुंजन मंगला सहित बड़ी संख्या में अभियंता मौजूद रहे।
