चम्पावत में मल्टीलेवल पार्किंग को दूसरी किश्त जारी, ₹140.80 लाख की स्वीकृति

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत चम्पावत नगर पालिका परिषद क्षेत्र में मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना को गति देने के लिए दूसरी किश्त के रूप में ₹140.80 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह परियोजना जायका रेस्टोरेंट के समीप निर्माणाधीन है और नगर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बेहद अहम मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, इस मल्टीलेवल कार पार्किंग की कुल स्वीकृत लागत ₹352.00 लाख निर्धारित की गई है। इससे पूर्व प्रथम किश्त के रूप में 40 प्रतिशत यानी ₹140.80 लाख की धनराशि जारी की जा चुकी थी। अब कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से पुनः 40 प्रतिशत राशि स्वीकृत की गई है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि परियोजना के पूर्ण होने से चम्पावत नगर में यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। साथ ही व्यापारियों और पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।