चम्पावत। जनपद में राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति सुधारने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सड़कों की गुणवत्ता, निर्माण कार्यों की प्रगति और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ने बताया कि स्वाला क्षेत्र में चल रहा सुधार एवं सुदृढ़ीकरण कार्य अप्रैल माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
जिलाधिकारी ने टनकपुर से घाट तक राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति को प्राथमिकता से सुधारने के निर्देश देते हुए सड़क की राइडिंग क्वालिटी बेहतर करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिशासी अभियंता ने आश्वस्त किया कि इस कार्य को 20 अप्रैल तक शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक में चम्पावत बाईपास निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 9.8 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित सड़क में से करीब 4 किलोमीटर में पूर्ण कटिंग कार्य हो चुका है, जबकि 3 किलोमीटर में आंशिक कटिंग पूरी कर ली गई है। शेष कार्य आगामी एक माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बाईपास में प्रस्तावित 50 कल्वर्ट में से 7 की कास्टिंग पूरी हो चुकी है और बाकी कार्य तेजी से जारी है।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर व्यू प्वाइंट और सेल्फी प्वाइंट विकसित करने के भी निर्देश दिए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे जनपद में मजबूत और सुविधाजनक सड़क अवसंरचना विकसित हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
