चम्पावत में पंचायतों को मिली करोड़ों की सौगात, ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार

चम्पावत। जनपद को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 15वें वित्त आयोग के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने हेतु विभिन्न मदों में करोड़ों की धनराशि आवंटित कर दी गई है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत तीनों स्तरों पर विकास कार्यों को गति देने के लिए यह अनुदान जारी किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।

जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार के अनुसार, जिला पंचायत चम्पावत को अनटाइड ग्रांट के रूप में ₹97.04 लाख की धनराशि दो किश्तों में जारी की गई है। इसके अलावा टाइड ग्रांट की प्रथम किश्त के तहत ₹72.79 लाख भी प्रदान किए गए हैं।

क्षेत्र पंचायतों को अनटाइड ग्रांट के अंतर्गत ₹70.22 लाख आवंटित किए गए हैं। इसमें चम्पावत विकास खंड को ₹26.26 लाख, लोहाघाट को ₹13.04 लाख, बाराकोट को ₹12.18 लाख और पाटी को ₹18.74 लाख मिले हैं। वहीं, टाइड ग्रांट की प्रथम किश्त के रूप में ₹52.68 लाख जारी किए गए हैं।

ग्राम पंचायतों के लिए भी पर्याप्त बजट स्वीकृत किया गया है। टाइड ग्रांट के तहत ₹3.61 करोड़ की प्रथम किश्त जारी की गई है, जबकि अनटाइड ग्रांट के रूप में कुल ₹4.96 करोड़ आवंटित किए गए हैं, जिसमें पहली और दूसरी किश्त शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आवंटित धनराशि का उपयोग तय मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से किया जाए और कार्यों की नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने कहा कि इस वित्तीय सहायता से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास होगा और योजनाओं को नई गति मिलेगी।