पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में तहसील परिसर में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, पार्षदों व आमजन ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

तहसील दिवस के दौरान राजस्व, पेयजल, सड़क, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई शिकायतें प्राप्त हुईं। जनप्रतिनिधियों ने सड़क मरम्मत, जलापूर्ति, बिजली बाधित रहने, भूमि विवाद और पेंशन से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी समयबद्ध तरीके से कार्य करें।
उन्होंने मौके पर निस्तारण योग्य मामलों को प्राथमिकता से तुरंत हल करने और शेष प्रकरणों को निर्धारित समयसीमा में निपटाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से लगातार संवाद बनाए रखने को कहा, ताकि समस्याओं का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित हो सके।
तहसील दिवस में कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार विजय गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
