गैस वितरण में गड़बड़ी पर सख्ती,हर सिलेंडर का होगा ऑनलाइन सत्यापन

कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रशासन का शिकंजा, रोजाना हो रही समीक्षा बैठक

पिथौरागढ़। जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में प्रतिदिन कैम्प कार्यालय में आपूर्ति विभाग और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समीक्षा बैठक कर जमीनी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

जिलाधिकारी ने साफ कहा कि गैस वितरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी। हर उपभोक्ता तक समय पर गैस पहुंचे, इसके लिए पूरी व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

अब हर गैस सिलेंडर वितरण के साथ उपभोक्ता की डीएसी का ऑनलाइन सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। यदि इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सीधे सख्त कार्रवाई होगी।

प्रशासन ने कालाबाजारी और जमाखोरी पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाने और लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की पर्याप्त व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाएगी। इसके बावजूद नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई तय है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि कुछ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।