लापरवाही पर डीएम नाराज, सैनिक कल्याण विभाग की बैठक में दिए सख्त निर्देश

बागेश्वर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सैनिक कल्याण विभाग की त्रैमासिक बैठक में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने विभागीय कार्यों में लापरवाही और बिना तैयारी के बैठक में पहुंचने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की कार्यशैली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि बैठक से पूर्व सभी संबंधित विभागों के साथ एजेंडा अनिवार्य रूप से साझा किया जाए और प्रस्तुतिकरण की गुणवत्ता में सुधार किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करें और उनके मामलों की प्रगति की नियमित जानकारी उपलब्ध कराएं।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि विभाग प्रत्येक माह आंतरिक बैठक आयोजित कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा और उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रभावी फॉलोअप सुनिश्चित करे।

पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने दफौट-तल्ला डोबा तोक सड़क मार्ग के भूमि विवाद को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को भी निर्देशित किया कि विवाद के निस्तारण के तुरंत बाद सड़क का एलाइनमेंट फाइनल किया जाए।

इसके अलावा बागेश्वर स्थित शहीद स्मारक की गरिमा बनाए रखने के लिए संबंधित अधिशासी अधिकारी को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एक अन्य भूमि विवाद के मामले में एसडीएम गरुड़ को विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर नियमित निगरानी और फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।