पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज पीएम श्री सरस्वती देव सिंह राजकीय इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ तथा शिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।

डीएम ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति सजग रहकर मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया, वहीं शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पीएम पोषण (मिड-डे मील) योजना का भी जायजा लिया। विद्यालय के किचन में पहुंचकर उन्होंने भोजन निर्माण प्रक्रिया, स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। खास बात यह रही कि डीएम स्वयं बच्चों के बीच बैठकर मिड-डे मील ग्रहण करते नजर आए।
बच्चों से बातचीत के दौरान उन्होंने भोजन के स्वाद, गुणवत्ता और नियमितता के बारे में जानकारी ली। बच्चों से मिले सकारात्मक फीडबैक पर डीएम ने संतोष जताया, लेकिन अधिकारियों को सख्त निर्देश भी दिए कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और सभी व्यवस्थाओं को तय मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी जीतेन्द्र वर्मा, विद्यालय प्रशासन, शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
