पिथौरागढ़ में आईजी कुमायूँ का वार्षिक निरीक्षण, परेड से लेकर अपराध समीक्षा तक कसे पेंच

पिथौरागढ़। पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल ने जनपद पिथौरागढ़ का व्यापक एवं बहुआयामी वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस लाइन से लेकर थाना स्तर तक व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच करते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत पुलिस लाइन पिथौरागढ़ में परेड के निरीक्षण से हुई। आईजी ने जवानों के अनुशासन, टर्नआउट, ड्रिल और समन्वय का सूक्ष्म मूल्यांकन किया। परेड की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों की सराहना भी की।

इसके बाद आईजी ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर बैरक, मैस, शस्त्रागार, परिवहन शाखा, स्टोर और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साफ-सफाई, संसाधनों के बेहतर उपयोग और कार्मिकों की सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

सैनिक सम्मेलन में आईजी ने पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।

जनसंवाद कार्यक्रम के तहत आमजन से संवाद कर उनकी शिकायतें और सुझाव सुने गए। आईजी ने जनसुनवाई में प्राप्त मामलों के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के निर्देश देते हुए पुलिस-जन विश्वास को मजबूत करने पर जोर दिया।

अपराध गोष्ठी में सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और शिकायतों के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए। महिला अपराधों की जांच 60 दिन के भीतर पूरी करने, एनडीपीएस मामलों में बड़े तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने और गुमशुदा बच्चों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने को कहा गया।

आईजी ने “ऑपरेशन प्रहार” अभियान की भी समीक्षा करते हुए इसे और अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए। थाना स्तर पर बीट प्रणाली को मजबूत करने, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

आईजी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की हिदायत दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोड़े सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।