पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र की बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने की दिशा देने के उद्देश्य से चल रहा ‘मेरा सपना-मेरा लक्ष्य’ कार्यक्रम अब प्रभावी मंच बनता जा रहा है। आज जिला कार्यालय सभागार में आयोजित चौथे संस्करण में थल स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की 26 छात्राओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को विभिन्न सरकारी कार्यालयों का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने प्रशासनिक कामकाज को करीब से समझा। इसके साथ ही महिला अधिकारियों के साथ सीधे संवाद ने छात्राओं को अपने भविष्य और करियर को लेकर नई दिशा दी।
संवाद के दौरान जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने छात्राओं से खुलकर बातचीत की और उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता पाने के लिए आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। बिना मेहनत के कोई भी लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता।
कार्यक्रम में मौजूद महिला अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को चुनौतियों से न घबराने और निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस दौरान छात्राओं ने भी खुलकर सवाल पूछे और अपने सपनों को लेकर जिज्ञासा जाहिर की।
हर माह आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों की बालिकाओं को प्रशासनिक व्यवस्था से जोड़ना और उनमें आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने इसे यादगार अनुभव बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने लक्ष्य तय करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, उपजिलाधिकारी सदर जीतेन्द्र वर्मा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. चंद्रकला भैंसोड़ा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
