लोहाघाट में बीएलओ बनीं आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को मिला मानदेय, 9.25 लाख रुपये जारी

लोहाघाट (चंपावत)। उपजिलाधिकारी नीतू डागर ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन कार्यों में बीएलओ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को उनके कार्य के एवज में मानदेय की धनराशि जारी कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि लोहाघाट क्षेत्र में 81, बाराकोट क्षेत्र में 39 तथा पाटी क्षेत्र में 65 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां बीएलओ के रूप में कार्यरत रहीं। इन सभी ने निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अहम योगदान दिया।

उपजिलाधिकारी के अनुसार सभी 185 कार्यकर्तियों को ₹5000 प्रति कार्यकर्ता की दर से अतिरिक्त मानदेय प्रदान किया गया है। इस प्रकार कुल ₹9,25,000 (नौ लाख पच्चीस हजार रुपये) की धनराशि निर्गत की गई है।

उन्होंने बताया कि मानदेय भुगतान के लिए धनराशि संबंधित बैंकों को भेज दी गई है और बैंक खुलते ही कार्यकर्तियों के खातों में भुगतान सुनिश्चित कर दिया जाएगा।

उपजिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र कार्मिकों को समयबद्ध तरीके से भुगतान किया जा रहा है।