देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से लेकर मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता समेत सभी आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों की अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यातायात प्रबंधन की सुदृढ़ योजना तैयार करने और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कार्यक्रम की सफलता की कामना की।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
