पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने की। जनपद के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। एडीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान कुल 27 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें राजस्व, पेयजल, सड़क, विद्युत और शिक्षा विभाग से जुड़े मामले प्रमुख रहे। एडीएम ने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में ग्राम स्यूनी के ग्रामीणों ने स्यूनी तोक कुठरोली/खड़क्यागैर क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगभग 200 अनुसूचित जाति परिवार निवास करते हैं, जिन्हें आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर एडीएम ने संबंधित विभाग को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं विकासखंड मूनाकोट के ग्राम बुगा मर्सोलीभाट के ग्रामीणों ने सार्वजनिक पेयजल पोस्ट हटाए जाने का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों के अनुसार करीब 25 वर्ष पुराना पेयजल पोस्ट, जिससे 6-7 परिवारों को पानी मिलता था, एक माह पूर्व बिना सूचना हटा दिया गया, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। इस पर एडीएम ने जल संस्थान के अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने और प्रभावित परिवारों को शीघ्र पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एडीएम योगेन्द्र सिंह ने जनसुनवाई को शासन की प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
