देहरादून/पिथौरागढ़। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पिथौरागढ़ जनपद की विमला रावल को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 4 सितंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री द्वारा प्रदान किया जाएगा।

विमला रावल, जो गंगोलीहाट ब्लॉक के रावलगांव से हैं, पिछले 15 वर्षों से बाल विकास, महिला सशक्तीकरण और पर्यावरणीय स्वच्छता के लिए समर्पित रूप से कार्य कर रही हैं। उनके प्रयासों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है।
विमला रावल ने न केवल अपने नियमित कर्तव्यों का निर्वहन किया है, बल्कि सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी आवाज उठाई है। उन्होंने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और बाल विवाह जैसी प्रथाओं को रोकने के लिए कई प्रयास किए हैं। उनके अथक प्रयासों ने स्थानीय समुदाय में जागरूकता फैलाई है और कई बाल विवाहों को सफलतापूर्वक रोका गया है।
यह पुरस्कार उनके समर्पण और समाज के प्रति उनके योगदान का एक प्रमाण है। पिथौरागढ़ जिले से केवल दो कार्यकर्ताओं का चयन हुआ है, जिसमें से एक विमला रावल हैं, जो पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।