देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित दून यात्रा से पहले, राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने देहरादून में तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति की परिसंपत्तियों के तहत देहरादून में बनाए जा रहे राष्ट्रपति उद्यान सहित सभी निर्माणाधीन कार्यों को तय समय में पूरा किया जाए।
राष्ट्रपति उद्यान: ‘सुगम्यता, सततता और सामुदायिक सहभागिता’ का केंद्र
देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन की स्थापना के बाद, अब 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में राष्ट्रपति उद्यान का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। लक्ष्य है कि इसे अगले वर्ष तक पूरा कर लिया जाए। ‘राष्ट्र का भवन’ बनाने की पहल के तहत बन रहा यह उद्यान जनसहभागिता, संस्कृति और नागरिक गौरव का प्रमुख केंद्र होगा।
उद्यान के प्रमुख आकर्षण:
👉 थीम आधारित फूलों और वनस्पतियों के बाग।
👉 तितली गृह और पक्षीशाला .
👉 सुरम्य झील।
👉 देश का दूसरा सबसे ऊॅंचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ।
👉 पैदल एवं साइकिल ट्रैक।
👉 800 से अधिक लोगों की क्षमता का मुक्ताकाशी रंगमंच सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए।
👉 सार्वजनिक पुस्तकालय एवं फूड प्लाजा।
हॉर्स राइडिंग एरीना और फुटओवर ब्रिज का लोकार्पण संभव
राष्ट्रपति निकेतन परिसर के भीतर एक नया आकर्षण घुड़ सवारी क्षेत्र (हॉर्स राइडिंग एरीना) जल्द ही आम लोगों के लिए खुलेगा। यहां लोग प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड के घोड़ों की सवारी एवं देखभाल के तौर-तरीकों को नजदीक से देख सकेंगे। इसके लिए राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली से प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड के 6 गौरवशाली घोड़े देहरादून लाए जा रहे हैं।
इसके अलावा, आगंतुकों के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए राजपुर रोड पर लोक निर्माण विभाग (उत्तराखंड) द्वारा फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है। 32 मीटर लंबे और 4 मीटर चौड़ाई वाले इस ब्रिज में पारंपरिक पर्वतीय वास्तुकला की छाप है और दोनों तरफ लिफ्ट की सुविधा भी दी गई है।
राष्ट्रपति सचिवालय के जन संपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की आगामी प्रस्तावित यात्रा के दौरान नवनिर्मित हॉर्स राइडिंग एरीना एवं फुट ओवर ब्रिज का लोकार्पण किए जाने की संभावना है।
निकेतन और तपोवन बने आकर्षण का केंद्र
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 20 जून को राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन का लोकार्पण किया था, और ये दोनों स्थल पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं।
जन संपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि बीते चार माह में:
👉 राष्ट्रपति निकेतन: 4,753 लोगों ने भ्रमण किया।
👉 राष्ट्रपति तपोवन: 15,567 लोगों ने भ्रमण किया।
निर्माणधीन राष्ट्रपति उद्यान में प्रतिवर्ष 20 लाख लोगों के आने का अनुमान है।

