6.31 ग्राम हेरोइन संग पकड़ा गया संदीप जोशी, रात के अंधेरे में तस्करी का खेल उजागर
पिथौरागढ़। सीमांत जिले में ‘नशा मुक्त अभियान’ को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के सख्त निर्देश पर काम करते हुए कोतवाली पिथौरागढ़ और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक ऐसे शख्स को दबोचा है, जिसने न्याय की दहलीज पर खड़े होकर अपराध की दुनिया में पांव जमा रखे थे।
गिरफ्तार अभियुक्त पिथौरागढ़ जिला बार काउंसिल एसोसिएशन का अधिवक्ता है, जिसे इस साल दूसरी बार मादक पदार्थों की तस्करी के संगीन आरोप में पकड़ा गया है। उसके कब्जे से 6.31 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई है।
शातिर की नई चाल, रात में भी नहीं मिली कामयाबी
क्षेत्राधिकारी गोविन्द बल्लभ जोशी के पर्यवेक्षण में, कोतवाली प्रभारी ललित मोहन जोशी और एएनटीएफ प्रभारी सतीष शर्मा के नेतृत्व में टीम ने ऐंचोली बैरियर पर सघन नाकेबंदी कर रखी थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभियुक्त संदीप जोशी स्कूटी पर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही 32 वर्षीय इस अधिवक्ता ने तेजी से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 6.31 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में संदीप जोशी ने बताया कि वह जानता था कि पुलिस दिन में सक्रिय रहती है, इसलिए पिछली बार दिन में पकड़े जाने के बाद इस बार उसने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तस्करी करने की साजिश रची थी।

अधिवक्ता संदीप जोशी पूर्व में भी 28 मई को कोतवाली पुलिस द्वारा हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया जा चुका था। बार-बार एक ही पेशेवर व्यक्ति का नशा तस्करी में पकड़ा जाना, स्थानीय ड्रग्स नेटवर्क में उसकी गहरी जड़ों की ओर गंभीर इशारा करता है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस, NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने अभियुक्त संदीप जोशी के विरुद्ध धारा 8/21/60 एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले की विवेचना में पुलिस का मुख्य फोकस अब इस बात पर है कि अधिवक्ता के तार किस बड़े सप्लायर गैंग से जुड़े हैं और क्या वह पिथौरागढ़ में अन्य पेशेवरों के बीच भी स्मैक की सप्लाई करता था।
ऑपरेशन टीम में उपनिरीक्षक कमलेश चंद्र जोशी, हे.का. भूपेन्द्र सिंह, का. सतेंद्र सुयाल (एएनटीएफ), और का. विरेन्द्र यादव (एएनटीएफ) शामिल रहे।
