डीएम ने मारा विकास भवन पर छापा, गैरहाजिर मिले उरेडा के जेई; कड़ी कार्रवाई के निर्देश

जन कल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी कार्मिक डेस्क पर लगाएं नाम पट्टिका
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज विकास भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान जहां उन्होंने जनसेवा से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं उरेडा विभाग के कनिष्ठ अभियंता को अनुपस्थित पाए जाने पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी भटगांई दोपहर अचानक विकास भवन पहुंचे और एक-एक कार्यालय में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के संधारण और कार्य निष्पादन की स्थिति की गहनता से जांच की।
डैस्क पर नाम पट्टिका अनिवार्य
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कार्मिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अनिवार्य रूप से अपनी डेस्क पर नाम पट्टिका लगाएं और कार्यालय में समय से उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तेजी लाएं जनसेवा के कार्यों में
डीएम ने प्रमाण पत्र जारी करने, आधार अपडेट, पेंशन वितरण और अन्य जनसेवा संबंधी कार्यों की गति धीमी पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि इन सभी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखें और जनता को समय से लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
अनुपस्थित जेई से मांगा स्पष्टीकरण
निरीक्षण के दौरान उरेडा विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जूनियर इंजीनियर) अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और तत्काल उनका स्पष्टीकरण तलब करने को कहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है, अन्यथा प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
डीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ कार्यालयों की नियमित निगरानी करने और जनहित से जुड़ी सेवाओं में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने की चेतावनी दी है।