पिथौरागढ़। विजय दिवस के गौरवशाली अवसर पर 9 कुमाऊं रेजीमेंट (गैलेंट नाइन) के पूर्व सैनिकों ने मैनामाती दिवस की 54वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई। शहर के एक निजी बैंकट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में पिथौरागढ़, लोहाघाट और चंपावत के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों ने शिरकत की।
मुख्य अतिथि 1965 व 1971 के युद्ध में शामिल रहे वरिष्ठ पूर्व सैनिक भूप सिंह और विशिष्ट अतिथि कैप्टन चंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सूबेदार मेजर खड़क सिंह ने 1971 के युद्ध के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे 16 दिसंबर को रेजीमेंट के पराक्रम के आगे पाक ब्रिगेडियर लतीफ को 5000 सैनिकों के साथ आत्मसमर्पण करना पड़ा था।
इस वीरता के लिए रेजीमेंट को ‘थिएटर ऑनर ऑफ ईस्ट पाकिस्तान’ मिला, जबकि लांस नायक गंगा सिंह को वीर चक्र व अन्य जवानों को सेना मेडल से नवाजा गया। कार्यक्रम के दौरान वीर नारियों को सम्मानित किया गया और अंत में कुमाऊंनी चाचरी व ‘कालिका माता’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय और देशभक्तिपूर्ण हो गया।

कार्यक्रम में संयोजन कैप्टन गणेश सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष कैप्टन बसंत बल्लभ, मीडिया प्रभारी कैप्टन गोपाल दत्त, पूर्व सैनिक रमेश धामी, सुरेंद्र सिंह, प्रदीप सामंत, अशोक कुमार के साथ पिथौरागढ़ लोहाघाट चम्पावत के 9 कुमाऊं रेजिमेंट के गौरव सैनानी वीर नारियां शामिल रहे ।
