पिथौरागढ़। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान आयुक्त का कड़ा रुख देखने को मिला। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वाइब्रेंट विलेज योजना पर विशेष जोर
बैठक में आयुक्त दीपक रावत ने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की विशेष समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीमांत गांवों में सड़क, संचार, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आयुक्त ने कहा कि जब इन क्षेत्रों में शिक्षा और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे, तभी पलायन पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और एनएचएआई को निर्माणाधीन परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
जनशिकायतों के निस्तारण में कोताही बर्दाश्त नहीं
जन समस्याओं के प्रति संवेदनशील दिखते हुए आयुक्त ने 1905 जन शिकायत निवारण पोर्टल और सेवा के अधिकार अधिनियम की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को दफ्तरों से निकलकर फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण करने और जन समस्याओं का मौके पर निस्तारण करने को कहा। संचार सुविधाओं पर चर्चा के दौरान बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि जिले में प्रस्तावित 12 टावरों में से 5 चालू हो चुके हैं और शेष 7 पर कार्य अंतिम चरण में है।
कैंपा योजना की मांगी रिपोर्ट
आयुक्त ने वन विभाग से कैंपा योजना के तहत हुए खर्चों का हिसाब मांगा। उन्होंने उपप्रभागीय वनाधिकारी को निर्देश दिए कि वर्ष 2016 से अब तक राजस्व भूमि पर वन विभाग द्वारा कराए गए सभी कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराएं। बैठक में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि जिले में सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जा रहा है। अंत में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने ‘प्रोजेक्ट-21’ की प्रगति साझा की और आयुक्त को कनार का प्रसिद्ध घी भेंट किया।

बैठक में एसपी रेखा यादव, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, एसडीओ फॉरेस्ट राजकुमार, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी सहित जनपद के समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
