पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में जनपद के दूरस्थ व शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान 50 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से कई का मौके पर समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान पूर्व में दर्ज कन्याधन योजना से जुड़े एक प्रकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि तहसील एवं जिला पिथौरागढ़ निवासी दिनेश सिंह को 24 दिसंबर 2025 को स्वीकृत धनराशि उनके बैंक खाते में भेज दी गई है। प्रकरण के समाधान पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
इसी क्रम में ग्राम भुरमुनी निवासी वयोवृद्ध एवं श्रवण बाधित श्रमिक पुष्कर राम ने मजदूर टूल किट उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने तथा सहायक श्रम आयुक्त को शासन की योजना के तहत मजदूर टूल किट शीघ्र देने के निर्देश दिए।
पुरानी बाजार निवासी सुनीता देवी ने पुत्री के विवाह हेतु आर्थिक सहायता की मांग रखी। जिलाधिकारी ने सहायक श्रम आयुक्त को पात्रता परीक्षण कर शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए।
विकासखंड मूनाकोट में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए गए कार्यों में अनियमितता की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं ग्राम गोगना से आई महिलाओं द्वारा पेयजल आपूर्ति न होने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को तत्काल पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने और तीन दिन के भीतर कार्रवाई की सूचना देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी ढंग से पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
