पिथौरागढ़। नजूल भूमि फ्रीहोल्ड की प्रक्रिया पुनः शुरू किए जाने की मांग को लेकर नगरवासी एकजुट हो गए हैं। इसको लेकर नगर के लोगों ने सोर नजूल संघर्ष समिति का गठन किया। नगरवासियों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि उन्हें मालिकाना हक नहीं दिया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सड़क से लेकर सामूहिक सिविल कोर्ट तक लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का ऐलान किया।

पिछले एक दशक से नजूल भूमि फ्रीहोल्ड की प्रक्रिया बंद होने से नगर के लोग अब आजिज आ चुके हैं। इसी क्रम में नजूल भूमि के आवेदक इंदिरा पार्क में एकत्रित हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए मालिकाना हक देने की मांग उठाई।
पुरानी बाजार वार्ड के पार्षद सुशील खत्री के नेतृत्व में आयोजित बैठक में नजूल भूमि फ्रीहोल्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में नगरवासियों ने सरकार से 25 प्रतिशत धनराशि जमा कर चुके सैकड़ों आवेदकों को शीघ्र मालिकाना हक देने, 75 वर्षों से जर्जर भवनों के सुधारीकरण की अनुमति देने जैसी मांगें प्रमुखता से उठाईं।
सिमलगैर वार्ड के पार्षद नीरज जोशी ने कहा कि फ्रीहोल्ड की समस्या को लेकर सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। वहीं नयाबाजार वार्ड के पार्षद करण सिंह ने कहा कि जब तक आम जनता को मालिकाना हक नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बैठक में आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से चलाने पर सर्वसम्मति से सहमति बनी। इस दौरान महेश मखौलिया, पार्षद सेरिन नगरकोटी, करण सिंह, नीरज जोशी, राहुल खत्री, फकीर सार्की, हेम चंद्र, शाहिद बख्श, प्रकाश नगरकोटी, भावना, पुष्पा थापा, मंजू, हेमलता, दीपक राय, कैलाश, संजय जंग, त्रिभुवन, मदन साह, आनंद लाल, हिमांशु, वरदान, विनोद, बसंत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। बैठक का संचालन उमेश लाल साह ने किया।
संघर्ष समिति की अगली बैठक 26 तारीख को इंदिरा पार्क में आयोजित की जाएगी।
